हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। दिनांक 13.07.2026 को ग्राम पारागांव शमशान घाट, महानदी तट पर मृतिका रूकमणी सोनवानी का शव लहू-लुहान अवस्था में मिला था। शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ-पैर में गंभीर चोट के निशान थे।
advertisement…
जांच में खुलासा हुआ कि मृतिका का सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह पिता गरजा सिंह उम्र 37 वर्ष निवासी पंजाब हाल ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा जिला महासमुंद के साथ पिछले 06-07 वर्षों से प्रेम संबंध था। दिनांक 12.07.2026 की रात्रि लगभग 09ः30 बजे आरोपी ने मृतिका को किसी अन्य पुरुष के साथ देखकर चरित्र पर शंका जताते हुए गाली-गलौज कर मारपीट की। इसके बाद आरोपी धारदार कड़ा एवं हाथ-मुक्का से मारपीट कर मृतिका की हत्या कर शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया था।

घटना की सूचना पर तत्काल टीम गठित कर आरोपी की पता-तलाश की गई। आरोपी सोनू उर्फ अवतार सिंह को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 15.07.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल रायपुर भेजा गया है।



