
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। बीते 48 घंटों में राजधानी रायपुर में हुई पांच हत्याओं ने पूरी राजधानी को दहला दिया है। एक के बाद एक हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कल खमतराई इलाके के एक नाले में एक लड़की की लाश मिली थी और आज सुबह उसी लड़की की मां का शव उसके घर में पाया गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या की गई है और फिर उसकी बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि महिला और उसकी बेटी को आसपास के लोगों ने 31 दिसंबर को देखा था। एक जनवरी की सुबह लड़की की लाश रावाभांठा के सुखे नाले में मिली, जिसकी पहचान धनेली निवासी के रूप में हुई। ग्रामीणों ने महिला के घर का दरवाजा बाहर से बंद पाया, जिसके बाद उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था।
महिला और उसकी बेटी दोनों धनेली गांव के निवासी थे। पुलिस के अनुसार महिला अत्यंत गरीब थी और घर में बिजली भी नहीं थी। 31 दिसंबर को महिला की बेटी अपने पड़ोसी के घर में मोबाइल चार्ज कर रही थी। महिला के पति की मौत कुछ साल पहले हो चुकी थी। पुलिस का मानना है कि महिला और उसकी बेटी की हत्या 31 दिसंबर की रात को की गई, और इसके बाद आरोपियों ने महिला के घर का दरवाजा बंद कर दिया और बेटी का शव खमतराई के नाले में फेंक दिया। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इसके अलावा, 31 दिसंबर को राजधानी में एक और डबल मर्डर हुआ। छह बदमाशों ने मिलकर बजरंग दल के नेता कृष्णा यादव और उनके साथी सचिन बड़ोले की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के काला पुतला चौक में हुई थी, जहां किसी विवाद के बाद छह आरोपियों ने धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आक्रोशित होकर पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।



