रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने जोन 10 में ली समीक्षा बैठक, दिए जरूरी दिशा-निर्देश…
0 दिवाली से पहले सभी स्ट्रीट लाइटें चालू करने और निर्बाध पेयजल आपूर्ति के निर्देश
0 डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर
0 आवासीय पट्टा योजना से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे: मोतीलाल साहू
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू ने नगर निगम जोन क्रमांक 10 कार्यालय का औचक दौरा कर क्षेत्र के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। बैठक के दौरान उन्होंने राजस्व संग्रहण, स्वच्छता, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर सुश्री रूचि शर्मा, कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, जोन अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी, एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह, पार्षद श्रीमती गायत्री नौरंगे, श्रीमती सुषमा साहू, विनय प्रताप सिंह ध्रुव, विनय निर्मलकर सहित निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक के मुख्य बिंदु:
0 आवासीय पट्टा योजना: विधायक ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की आवासीय पट्टा योजना का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योग्य व्यक्तियों के नाम प्राथमिकता से जोड़े जाएं।
0 लाइट व सफाई व्यवस्था: आगामी दीपावली को ध्यान में रखते हुए बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत ठीक करने और आवश्यकतानुसार नई लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही रामकी कंपनी के माध्यम से प्रतिदिन डोर-टू-डोर कचरा उठाने की निगरानी करने को कहा गया ताकि त्यौहारों में गंदगी न फैले।
0 पेयजल एवं राजस्व: विधायक ने दीपावली से पूर्व सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और नगर निगम के निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
0 विकास कार्य: क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, लगातार मॉनिटरिंग करने और नए विकास कार्यों के प्रस्ताव जल्द तैयार करने की बात कही।




