टिकरापारा पुलिस ने 4 किलो गांजे के साथ भोपाल के दो तस्करों को दबोचा, दो लाख का माल जब्त…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम क्षेत्र (DCP West) के अंतर्गत आने वाले टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश से गांजा खपाने पहुंचे दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो अवैध गांजा बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई…
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त (न्यू राजेंद्र नगर) नवनीत पाटिल के निर्देशन में क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में टिकरापारा पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि भाठागांव बस स्टैंड स्थित पानी टंकी के पास दो संदिग्ध व्यक्ति अपने पास नीले-काले रंग के बैग में अवैध मादक पदार्थ रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
घेराबंदी कर दबोचे गए तस्कर…
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिया के आधार पर घेराबंदी की। दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर जब उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें खाकी टेप से लपेटकर छिपाया गया कुल 4 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जप्त गांजे की कीमत करीब 2,00,000 रुपये आंकी गई है।

भोपाल के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान इस प्रकार बताई:
0 सलीम बेग (उम्र 42 वर्ष), पिता- स्व. बादशाह बेग
0 फम्मू फहीम बेग (उम्र 35 वर्ष), पिता- स्व. बादशाह बेग
(दोनों निवासी: राजगढ़ कॉलोनी, छोला रोड, थाना गौतम नगर, जिला भोपाल, मध्य प्रदेश)
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 994/2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। जब्ती की पूरी कार्रवाई भारतीय साक्ष्य संहिता की धारा 105 के तहत मौके पर ही वीडियोग्राफी के साथ पूरी की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें आगामी 04 नवंबर 2026 तक के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस पूरी सफल कार्रवाई में थाना टिकरापारा पुलिस टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही।



