रायपुर में एक्टिव स्कूटर चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की गाड़़ी…
विज्ञापन…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी के आजाद चौक थाना क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है।
दुकान के बाहर से पार कर दी थी गाड़ी…
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित आकाश नाशा ने लाखेनगर स्थित अपनी ‘डेली नीड्स’ दुकान के बाहर अपनी एक्टिवा (क्रमांक CG 04 NX 3991) पार्क की थी। थोड़ी देर बाद जब वे बाहर आए तो वाहन वहां से गायब था। अज्ञात चोर के खिलाफ आजाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विज्ञापन…
CCTV और मुखबिर की मदद से पकड़ाया आरोपी…
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। सुराग मिलने पर पुलिस ने संदेही प्रमोद पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने वाहन चोरी की बात कबूल कर ली।

आरोपी भेजा गया सलाखों के पीछे
पुलिस ने सुपेला (दुर्ग) के कंडक्टर कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय प्रमोद पांडेय (पिता सुभाष पांडेय) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी की एक्टिवा जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



