रायपुर में नाली में मिला गुमशुदा युवक का शव, शिनाख्त के बाद जांच में जुटी पुलिस…
विज्ञापन…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी के खम्हारडीह थाना अंतर्गत अनुपम नगर इलाके में नाली के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकाला।
मृतक के पास से प्राप्त पहचान दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान बलौदाबाजार जिले के डोटोपार निवासी 25 वर्षीय रामगोपाल बांधे (पिता: चंद्रराम बांधे) के रूप में की गई है।
विज्ञापन…
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक, मृतक रायपुर की ‘पाण्डेय सिक्योरिटी’ में काम करता था। बीते 27 सितंबर को अस्वस्थ होने के कारण उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तभी श्रीराम नगर के पास वह वाहन से उतरकर कहीं लापता हो गया था। इस संबंध में उसके भाई उमेश बांधे ने खम्हारडीह थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।



