हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारो से चर्चा करते हुये कहा कि प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था से बच्चे परेशान है। प्रदेश के स्कूलों में शिक्षक नहीं होने के कारण भवन नहीं होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चे शिक्षकों की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर है। धमतरी के बारना स्कूल में पांच विषय के शिक्षक नहीं होने के कारण छात्राओं ने स्कूल में ताला लगा कर आंदोलन कर रही है। बालोद के झिरिया टोला में भी बच्चे शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके है। धमधा में स्कूल भवन की मांग को ले कर बच्चे विरोध कर रहे। पूरे प्रदेश में स्कूलों में किताबें और शिक्षक की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था अब असहनीय हो गई है…
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था अब असहनीय हो गई है। राजधानी में महिला की रास्ते में रोक कर हत्या कर दी गई उसके बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म हो गया। कुछ पहले एक महिला के साथ एक दिन में दो बार गैंगरैप हो गया। राजनांदगांव के चिखली में एक व्यक्ति की घर में घुस कर हत्या हो गई। रायपुर में कमिश्नरी सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया है। प्रदेश में हर दिन 6 हत्या, 8 बलात्कार की घटना हो रही है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को फोटोसेशन से फुर्सत नहीं है। आम आदमी की सुरक्षा की किसी को चिंता नहीं।




