कबीरधाम में चेन स्नेचिंग गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार…
हरियर एक्सप्रेस, कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज झपटमारी के पांच मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल, डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में साइबर थाना और थाना पिपरिया की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दो महीने से सक्रिय था गिरोह
पुलिस के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों से जिले में अकेली बुजुर्ग महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन मामलों में थाना पिपरिया, थाना पांडातराई और चौकी पौड़ी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों ने बताया कि वे पहले गांवों में जाकर बुजुर्ग महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही मुंह ढंककर मोटरसाइकिल से पहुंचते और अकेली महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि लूटे गए आभूषणों को नितीश बंसे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेच दिया जाता था। इसके बाद पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
3.41 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन मोटरसाइकिल, करीब छह ग्राम सोने के आभूषण और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3.41 लाख रुपये बताई गई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में नैनदास बंजारे (23), मनोज जांगड़े (22), राधेलाल चतुर्वेदी (23), बबला डहरिया (28), खेलन डहरिया (25) और नितीश बंसे (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी चौकी पौड़ी थाना बोडला क्षेत्र के बैहरसरी गांव के निवासी हैं।
साइबर टीम की अहम भूमिका
मामले के खुलासे में साइबर सेल के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना पिपरिया के प्रभारी निरीक्षक नितिन तिवारी, थाना पांडातराई के निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, चौकी पौड़ी प्रभारी लक्ष्मीनारायण साव सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



