हरियर एक्सप्रेस, कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कनबेरी निवासी शंकर रोहिदास की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां नीराबाई रोहिदास ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

नीराबाई ने शिकायत में बताया कि शंकर 17 जून को काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मोबाइल की घंटी बज रही थी, पर किसी ने फोन नहीं उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की और दो दिन बाद गांव से करीब 100 मीटर दूर परसा पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का दावा है कि शव पर चोट के निशान और कपड़ों की स्थिति हत्या की आशंका को मजबूत करती है।
मृतक की मां के अनुसार, शंकर का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था। शादी का प्रस्ताव लेकर जाने पर युवती के परिजनों ने रिश्ता ठुकरा दिया और कथित रूप से बेटे को धमकियां देना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि घटना से एक दिन पहले युवती अपनी मां के साथ उनके घर आई थी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने तथा सबक सिखाने की धमकी दी थी, जिससे शंकर डरा हुआ था।

नीराबाई ने यह भी आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार के बाद हुए विवाद के दौरान युवती के पिता ने हत्या की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि घटना से पहले भी कुछ नकाबपोश युवकों ने शंकर का अपहरण करने की कोशिश की थी। फिलहाल उन्होंने एसपी को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



