नारायणपुर पुलिस एवं 53वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई…
सर्चिंग अभियान के दौरान 15 किलोग्राम प्रेशर कुकर आईईडी सहित भारी मात्रा में देशी हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद।
विज्ञापन…
हरियर एक्सप्रेस, नारायणपुर। नक्सलमुक्त घोषित क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सघन सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन एवं नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संचालित संयुक्त अभियान के दौरान नारायणपुर पुलिस एवं 53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डम्प बरामद किया, जिसमें 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी सहित भारी मात्रा में देशी हथियार एवं विस्फोटक सामग्री मिली।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया एवं 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट श्री संजय कुमार के मार्गदर्शन तथा द्वितीय कमान श्री संजय भारद्वाज के पर्यवेक्षण में दिनांक 07 जुलाई 2026 को अड़िंगपार कैंप से ग्राम एडसमेटा एवं आसपास के जंगल क्षेत्र में संयुक्त एरिया डॉमिनेशन एवं सर्च अभियान संचालित किया गया।
अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट श्री आजाद सिंह द्वारा किया गया। संयुक्त टीम में आईटीबीपी के 34 जवान, नारायणपुर पुलिस का 01 प्रतिनिधि एवं 05 सदस्यीय बम निरोधक दस्ता शामिल था।

सर्चिंग के दौरान जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री एवं हथियार बरामद किए गए। मौके पर मिले 15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी को बम निरोधक दस्ते द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया।

बरामद सामग्री :
15 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी (मौके पर सुरक्षित निष्क्रिय)
स्थानीय स्तर पर निर्मित रॉकेट लॉन्चर – 01 नग
देशी 51 मिमी मोर्टार राउंड – 16 नग
देशी 84 मिमी रॉकेट लॉन्चर राउंड – 05 नग
देशी 40×46 मिमी बैरल ग्रेनेड लॉन्चर राउंड – 10 नग
.303 राइफल के कारतूस – 08 नग
सामरिक पाउच – 04 नग
अभियान के उपरांत संयुक्त दल सुरक्षित रूप से अड़िंगपार कैंप वापस लौट आया। क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान एवं सघन सर्चिंग लगातार जारी है।



