रायपुर के रंग मंदिर में डागा कन्या महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव संपन्न: विधायक अनुज शर्मा ने की शिरकत…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित ‘श्रीमती प्रमिला गोकुलदास डागा कन्या महाविद्यालय’ का वार्षिकोत्सव’ स्थानीय रंग मंदिर प्रेक्षागृह में अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी समारोह में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, शास्त्रीय नृत्य और समसामयिक विषयों पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा रंग मंदिर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।समारोह के दौरान विधायक जी ने शिक्षा, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा नें कहा कि जब एक बेटी शिक्षित और हुनरमंद होती है, तो वह केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज की संस्कृति को जीवित रखती है।बेटियां आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर आप अपने सपनों को हकीकत में बदल सकती हैं। डागा महाविद्यालय का इतिहास महिला सशक्तिकरण का प्रतीक रहा है।वार्षिकोत्सव केवल नाच-गाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास के निर्माण की पाठशाला है। यहाँ का अनुभव बेटियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।डागा कॉलेज की बेटियां अपनी मेहनत से यह साबित कर रही हैं कि यदि अवसर मिले, तो वे कला, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन ने विधायक अनुज शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा सहित महाविद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक गण, प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।



