“I LOVE MOHAMMAD” बैनर मामले में कानपुर पुलिस की असंवैधानिक कार्यवाही के विरोध में रायपुर में पैदल रैली…

हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुस्लिम समाज ने शुक्रवार को जुमा की नमाज़ के बाद शांतिपूर्ण तरीके से पैदल रैली निकालकर पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद ﷺ से अपनी अटूट मोहब्बत का इज़हार किया। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में
I ❤️ MUHAMMAD ﷺ
लिखे बैनर और तख्तियाँ दिखाई दी।

यह रैली विशेष रूप से कानपुर (उत्तर प्रदेश) में 12 रबीउल अव्वल के अवसर पर लगाए गए
“I ❤️ MUHAMMAD ﷺ”
बैनर के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर की निंदा के लिए आयोजित की गई। कहा गया कि यह मुक़दमे पूरी तरह असंवैधानिक, अन्यायपूर्ण और भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हैं।

मुस्लिम समाज की आपत्ति :
1. यह बैनर केवल पैग़म्बर-ए-इस्लाम ﷺ से मोहब्बत का प्रतीक था, इसमें किसी भी अन्य धर्म या समुदाय के खिलाफ़ कोई अपमानजनक बात नहीं थी।
2. पुलिस द्वारा मुक़दमा दर्ज करना अनुच्छेद 19(1)(a) – अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता,
अनुच्छेद 25 – धार्मिक स्वतंत्रता और
अनुच्छेद 14 – समानता के अधिकार का सीधा उल्लंघन है।
3. देश में लगातार एक पक्ष विशेष को टारगेट करना, धार्मिक भावनाओं को दबाना और शांतिपूर्ण इज़हार को अपराध बताना धर्मनिरपेक्षता पर हमला है।
“हम अपने नबी ﷺ की मोहब्बत में सब कुछ कुर्बान कर सकते हैं, लेकिन मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ से कभी पीछे नहीं हट सकते।”
“न्याय, समानता और धर्मनिरपेक्षता — हमारा अधिकार।”
“I ❤️ MUHAMMAD ﷺ कहना कोई जुर्म नहीं, बल्कि हमारा ईमान और हक़ है।”

यह कहते हुए अपील की गई कि रायपुर छत्तीसगढ़ मुस्लिम समाज भारत सरकार और राज्य सरकारों से यह मांग करता है कि –
कानपुर में दर्ज सभी मुक़दमों को तत्काल निरस्त किया जाए।
प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि धार्मिक आस्था और शांति का इज़हार अपराध न बने।
संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों की रक्षा की जाए और अल्पसंख्यकों में फैल रही असुरक्षा को दूर किया जाए।




