स्कूल सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, हाइवे में लगा लम्बा जाम, नहीं हो रही है मांगे पूरी…


हरियर एक्सप्रेस, केशकाल। अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर तिरंगा रैली निकाली। विशाल रैली के कारण घंटो यातायात बाधित रहा। संभाग भर से पहुंचे स्कूल सफाई कर्मचारियों ने पूर्णकालिक, कलेक्टर दर पर वेतन देने, युक्तियुक्तकरण के तहत सेवाएं यथावत रखने और स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया। सुबह से ही रावणभाटा मैदान में जुटे सफाई कर्मियों ने हाथों में तिरंगा लेकर विश्रामपुरी चौक तक रैली निकाली।

इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन स्थानीय तहसीलदार को सौंपा। रैली में शामिल कर्मचारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की व सांकेतिक रूप से 20 मिनट तक रास्ते को जाम कर बैठ गए। बस्तर संभाग से पहुंचे लगभग 10000 से अधिक सफाई कर्मियों की मौजूदगी से नगर का माहौल पूरी तरह आंदोलित रहा। रैली के गुजरने से मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र रूप आंदोलन करने को बाध्य होंगे।





