प्रभार जिला सक्ती में ‘सरकार आपके द्वार’, सेवा सेतु में ग्रामीणों से रूबरू हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब…
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, छात्राओं को साइकिल और उत्कृष्ट विद्यार्थियों का हुआ सम्मान।
कचंदा में ग्रामीणों के बीच पहुंचे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सुनी समस्याएं और योजनाओं की स्थिति की ली जानकारी।
विज्ञापन…
हरियर एक्सप्रेस, कचंदा/जैजैपुर/सक्ती/रायपुर। प्रभारी जिला सक्ती के ग्राम कचंदा, विकासखंड जैजैपुर में जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु (सरकार आपके द्वार)” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल हुए और ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनके लाभ की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन व योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की ली जानकारी…
मंत्री गुरु साहेब ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शासन की योजनाओं की प्रगति, पात्र हितग्राहियों की स्थिति तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की जानकारी ली।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचे। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान की गई। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना देख रहे परिवारों के हाथों में आवास की चाबी पहुंची तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से धुआं मुक्त रसोई का सपना साकार होने पर लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन…
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, समर्पण एवं गरीब कल्याण की भावना के साथ जनहित के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार” जैसे सेवा सेतु कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम हैं। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी, सुविधाएं और लाभ प्राप्त हो रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। मंत्री श्री साहेब ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर सरकार द्वारा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री टिकेश्वर गबेल, पूर्व विधायक केशव चंद्रा, जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



