नकटी गांव में 85 गरीब एवं प्रभावित परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण एवं जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विशाल “न्याय पदयात्रा” आयोजित की गई।
advertisement…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने नकटी गांव पहुंचकर न्याय पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) श्री मलकीत सिंह गेंदू भी उपस्थित रहे। लगभग 13 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा नकटी गांव से प्रारंभ होकर पीटीएस चौक, माना, फुंडहर चौक, राम मंदिर, करेंसी टॉवर, तेलीबांधा, गौरव पथ होते हुए राजभवन (लोक भवन) पहुंची।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज ने कहा कि नकटी के 85 गरीब परिवारों के साथ जो अन्याय हुआ है, उसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। गरीबों के सिर से छत छीनकर उन्हें न्याय से वंचित करना अमानवीय और असंवेदनशील कदम है। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि सभी प्रभावित परिवारों का नकटी गांव में ही सम्मानजनक पुनर्वास किया जाए तथा जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उनके नुकसान के अनुरूप उचित मुआवजा दिया जाए। प्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर राजभवन तक पूरी मजबूती से उठाएगी और जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू, धनेंद्र साहू जी सांसद फूलोदेवी नेताम जनक राम ध्रुव कांग्रेस के सभी विधायक गन पूर्व मंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, विधायकगण, रायपुर ग्रामीण एवं रायपुर शहर के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा नकटी गांव के 85 प्रभावित परिवारों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। यात्रा के दौरान प्रभावित परिवारों एवं कांग्रेसजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
राजभवन पहुंचने के बाद , जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र (पप्पू) बंजारे, जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर के जिला अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, सकलेन कामदार, दीपक मिश्रा, आशीष वर्मा, भावेश बघेल, नंदलाल देवांगन, मोहम्मद इकराम अहमद, मोहम्मद सिद्दीक, राहुल इंदुरिया, जयंत साहू सहित 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रभावित परिवारों के साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पूर्व में दो बार समय मांगे जाने के बावजूद राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी। बुधवार को भी मुलाकात नहीं होने पर प्रभावित परिवारों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और वे राजभवन के बाहर धरने पर बैठ गए। पीड़ितों ने कहा कि गरीबों के लिए न्याय का अंतिम दरवाजा भी बंद हो गया है। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर तीन दिनों के भीतर राज्यपाल से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
इससे पूर्व कांग्रेस द्वारा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए कलेक्टर कार्यालय का घेराव, मंत्री ओ.पी. चौधरी के निवास का घेराव, मुख्यमंत्री निवास तक मार्च तथा मकान तोड़ने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध माना थाना में एफआईआर दर्ज कराने की मांग सहित चरणबद्ध आंदोलन किए जा चुके हैं।
कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि नकटी गांव में ही प्रत्येक प्रभावित परिवार को 2,000 वर्गफीट भूमि आवंटित कर सम्मानजनक पुनर्वास किया जाए, क्योंकि उपलब्ध लगभग 66 एकड़ भूमि में से 7 से 8 एकड़ में सभी 85 परिवारों का पुनर्वास संभव है। साथ ही जिन परिवारों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। प्रशासन द्वारा सेक्टर-30 स्थित हाउसिंग बोर्ड के चौथी मंजिल के फ्लैटों में दिए गए अस्थायी आवास को प्रभावित परिवारों ने अस्वीकार कर दिया है और वर्तमान में वे नकटी गांव में अस्थायी टेंटों में रह रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र (पप्पू) बंजारे ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के आशियाने उजाड़ दिए, लेकिन आज तक उनके पुनर्वास और मुआवजे पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। यदि सरकार चाहे तो नकटी गांव में उपलब्ध भूमि पर सभी प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास संभव है। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर राज्यपाल से मुलाकात नहीं कराई गई तो प्रभावित परिवारों के साथ मिलकर एयरपोर्ट रोड पर लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से चर्चा कर आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर के जिला अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि नकटी के गरीब परिवारों के साथ हुई कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेगी। यह न्याय पदयात्रा केवल नकटी के 85 परिवारों की नहीं, बल्कि प्रदेश के हर गरीब और वंचित व्यक्ति की आवाज है। उन्होंने राज्यपाल से इस मानवीय विषय में तत्काल हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की पहल करने का आग्रह किया।
पदयात्रा में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर शहर के जिला अध्यक्ष श्री कुमार शंकर मेनन पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गेंदू, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, सकलेन कामदार, दीपक मिश्रा, भावेश बघेल, नंदलाल देवांगन, मोहम्मद इकराम अहमद, मोहम्मद सिद्दीक, राहुल इंदुरिया, योगेन्द्र सोलंकी, जयंत साहू, के. रोसैया, छवि धीवर, रेखाराम पात्रे, हरि बंजारे, परमानंद पटेल, विमल साहू, विद्याभूषण सोनवानी, आशीष वर्मा, अजितेश शर्मा, रामा यादव, कोमल साहू, ओमप्रकाश यादव एवं बलदाऊ साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नकटी गांव के प्रभावित परिवार उपस्थित रहे।



