रेत के लिए भाजपाई गैंगवार कर रहे, हत्याएं हो रही, आदमी जिंदा जलाये जा रहे।
advertisement…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। पूरे प्रदेश में अब रेत का व्यापार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच में गैंगवार का कारण बन चुका है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत के लिए खून-खराबा मचा हुआ है। कोरिया जिले में बेहद ही डरावनी घटना घटी, एक भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा के नेता उसके भाई और उसके साथी को फॉर्च्यूनर गाड़ी में बंद करके पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया और दो लोगों की मृत्यु हो गयी और कुछ घायल लोगों को बड़े शहर में रेफर कर दिया गया है। सरकार के संरक्षण में रेत माफिया बेलगाम हो चुका है। भाजपा के विधायक, सांसद, मंत्री सीधी रेत के कारोबार में लिप्त है, उनके संरक्षण में अपराधी आतंक मचा रहे है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में रेत का खूनी खेल चल रहा है, सत्ता के संरक्षण में चल रहा है।
बमुश्किल एक पखवाड़ा पहले जांजगीर-चांपा के जैजेपुर में घर में घुसकर के दो भाईयों को गोली मार दी जाती है।
कुछ दिनों पहले बलरामपुर में रेत माफिया ने पुलिस कांस्टेबल पर ट्रैक्टर चढ़ा कर हत्या कर दिया।
राजनांदगांव में रेत माफिया ने गोली बारी किया।
गरियाबंद में रेत माफिया ने खनिज इंस्पेक्टर और माइनिंग अधिकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा।
बस्तर में अवैध रेत के खिलाफ खबर चलाने के कारण बस्तर में पत्रकार बप्पी राय सहित चार पत्रकारों को गांजा तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसा दिया गया।
बिलासपुर के मस्तूरी में गोलियां चलाई गयी।
रायगढ़ में कोयले के लिए घंटों उड़िसा बार्डर पर गोलियां चलाई गयी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि रेत के कारोबार में कहीं किसी की हत्या हो रही है, कहीं चाकूबाजी हो रही है। खुलेआम माफिया राज चल रहा है। पूरे प्रदेश के रेत घाटो में और सरकार सोई हुई है। सरकार में बैठे लोग पैसा कमाने के लिए पूरे प्रदेश में रेत के धंधे में खूनी खेल रहे, भय फैलाये जा रहे है, भयावह स्थिति बनी हुई है। पूरे प्रदेश में रेत के कारण गोलियां चल रही, हत्या हो रही, चाकू मारा जा रहा, सत्तारूढ़ दल के लोग इसमें शामिल है, सरकार में बैठे लोग उनको प्रश्रय दे रहे है।



