हरियर एक्सप्रेस, बिलासपुर। जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोंगसरा में वार्षिक परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षा के लिए चार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने के बाद भी केवल एक शिक्षक ही केंद्र पर मौजूद रहे।
विज्ञापन…
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह 9:30 बजे तक केवल शिक्षक कौशल कुर्रे ही विद्यालय पहुंचे थे, जबकि बाकी तीन शिक्षक अनुपस्थित रहे। ऐसे में पूरी परीक्षा व्यवस्था एक ही शिक्षक के भरोसे संचालित होती रही। उन्होंने अकेले ही प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया और सभी कक्षाओं की निगरानी भी की।

शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण परीक्षा व्यवस्था प्रभावित होती नजर आई, जिससे छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने इस मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। यह घटना शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही को उजागर करती है, जिससे छात्रों के भविष्य पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।



