विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान: अस्पतालों में की गई अटैचमेंट नियुक्तियां होंगीं रद्द…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को नौवां दिन रहा। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से शुरू हुई, जिसमें कई विभागों के कामकाज और बजट को लेकर चर्चा हुई। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में की गई अटैचमेंट नियुक्तियों को रद्द किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पतालों से कर्मचारियों को अटैच कर शहरी अस्पतालों में पदस्थ किया गया है, जिससे गांवों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने ऐसे सभी अटैचमेंट को निरस्त करने का निर्णय लिया है, ताकि ग्रामीण अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध रह सके।
प्रश्नकाल के दौरान मंत्री अपने ही दल की विधायक लता उसेंडी के सवालों से भी घिरते नजर आए। लता उसेंडी ने स्वास्थ्य विभाग में कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में ठेकेदारों ने काम पूरा कर दिया, लेकिन अब तक उन्हें भुगतान नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी कभी मौखिक वर्क ऑर्डर के आधार पर भुगतान कर देते हैं, तो कभी उसी आधार पर भुगतान से इंकार कर देते हैं। विधायक ने यह भी कहा कि नौ महीने पहले अधिकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस मुद्दे पर विपक्षी विधायकों ने भी सरकार को घेरते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जवाब की मांग की। सदन में इस विषय को लेकर कुछ समय तक तीखी बहस देखने को मिली।



