
हरियर एक्सप्रेस, जांजगीर-चांपा। प्रार्थी बुधराम धीवर, निवासी ग्राम रायपुरा, जिला सक्ती द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि उसकी तथा उसके बहन के नाम की ग्राम कोसमंदा जिला जांजगीर में स्थित जमीन नेशनल हाइवे निर्माण के लिए अधिगृहित हुआ था जिसमें उन्हें कुल राशि 35,64,099 रुपये मुआवजा के रूप में एसडीएम कार्यालय चांपा से भू-अर्जन अधिकारी द्वारा उसके तथा उसके बहन के संयुक्त बैंक खाते में अगस्त 2025 में भुगतान किया गया था। राशि भुगतान के बाद एसडीएम कार्यालय चांपा के भू-अर्जन शाखा के अमीन पटवारी बिहारी सिंह और ऑपरेटर राजकुमार द्वारा उससे मुआवजा राशि निकलवाने में मदद किये जाने के नाम पर 1,80,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन पश्चात् आज दिनांक 30.10.2025 को टेप आयोजित कर आरोपी अमीन पटवारी बिहारी सिंह और ऑपरेटर राजकुमार को प्रार्थी से 1,80,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 एवं 12 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।



