
हरियर एक्सप्रेस, दुर्ग। भिलाई कोहका स्थित बीरा जी के अंगना में बच्चों और युवाओं के लिए नि:शुल्क कराटे प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक संचालित हो रहा है, जिसमें 3 वर्ष से लेकर 25 वर्ष तक के बच्चे हिस्सा ले रहे हैं।
विज्ञापन…
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को न केवल कराटे के दांव-पेंच सिखाए जा रहे हैं, बल्कि आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण गुर भी बताए जा रहे हैं। प्रशिक्षक अंजना राजवीर सिंह द्वारा बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ जैसी जरूरी जानकारी भी दी जा रही है, जिससे वे अपनी सुरक्षा को लेकर जागरूक बन सकें।
इस पहल की खास बात यह है कि कई बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी प्रशिक्षण स्थल तक पहुंचते हैं। वर्तमान में करीब 450 बच्चों ने पंजीयन कराया है, जबकि एक बैच में लगभग 100 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में स्वस्थ रहना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और आत्मा में ही ईश्वर का वास होता है। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने की सीख देते हुए कहा कि “नशा करना है तो खेल का करो, चाहे वह कराटे हो या कोई अन्य खेल।”
उन्होंने आगे बताया कि जल्द ही बच्चों के लिए बॉक्सिंग प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी, जिसके तहत पंचिंग बैग लगाए जाएंगे और सभी बच्चों को कराटे ड्रेस भी वितरित की जाएगी, ताकि वे एक समान गणवेश में प्रशिक्षण ले सकें।
इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष जोगा राव, राम हिंदरिया, शाहनवाज कुरैशी, श्रीमती चांदनी जगत, शिवबाती जांघेल, अंजलि साहू, मंजू वर्मा, रानी विश्वकर्मा, सरस्वती धुरंधर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



