हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मृतका के गले पर चोट एवं दबाव के स्पष्ट निशान पाए जाने पर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। जिस पर थाना खमतराई में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान अज्ञात युवती की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन, पिता अर्जुन जाल, उम्र 19 वर्ष, निवासी सिया रेसीडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई।
पहचान उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों एवं मर्ग जांच में यह तथ्य सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा पहले मृतिका के दुपट्टे को उसके मुंह में ठूंस दिया गया, तत्पश्चात उसी दुपट्टे के दूसरे सिरे से उसका गला कसकर दबाया गया तथा हत्या सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। उक्त तथ्यों के आधार पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 751/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं परिचितों से विस्तृत पूछताछ की गई। इसी दौरान मृतिका के माता-पिता द्वारा उसके प्रेमी करण तांडी, पिता अरछू तांडी, उम्र 23 वर्ष, निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, चंडी मंदिर के पास, रायपुर पर संदेह व्यक्त किया गया।
संदेह के आधार पर आरोपी करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, किंतु साक्ष्यों के आधार पर की गई सघन पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी मृतिका से पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था तथा कुछ समय पूर्व दोनों लगभग छह माह तक साथ भी रहे थे। बाद में मृतिका उसे छोड़कर अलग रहने लगी, जिससे आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
आरोपी ने बताया कि मृतिका पिछले पांच से छह दिनों से अपने घर से बाहर थी। दिनांक 03.08.2026 को मृतिका उससे मिलने की उम्मीद में डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र पहुंची थी। शाम लगभग 06:00 बजे आरोपी वहां पहुंचा और उसे अपने साथ घटनास्थल की ओर ले गया। वहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान आरोपी ने मृतिका से अन्य युवकों के साथ संबंध होने की बात पूछी। मृतिका द्वारा इस बात से इनकार किए जाने पर आरोपी अत्यधिक आक्रोशित हो गया और आवेश में आकर उसके दुपट्टे को उसके मुंह में ठूंस दिया। इसके बाद उसी दुपट्टे से उसका गला कसकर दबाया तथा हत्या सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी – करण तांडी पिता अरछू तांडी उम्र 23 वर्ष निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, चंडी मंदिर के पास रायपुर।



