हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। गोलबाजार थाना क्षेत्र में सिगरेट पीने से मना करने की मामूली बात को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले सभी चार आरोपियों को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गोलबाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त कील लगी लकड़ी की पटिया भी आरोपियों के कब्जे से बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 109 एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। घटना 8 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे की है। प्रार्थी विनय कुमार सोनी अपने निवास स्थान दुर्गा मंदिर के पास नयापारा, गोलबाजार क्षेत्र में बाहर खड़ा था। इसी दौरान चार युवक—शुभम बरोरे उर्फ सुब्बू, विष्णु पुष्कर उर्फ वंशू, पीयूष बरोरे और आर्य मिश्रा वहां पहुंचे। आरोप है कि इनमें से एक आरोपी सिगरेट जलाकर पीने लगा। प्रार्थी ने यह कहते हुए सिगरेट पीने से मना किया कि उसके घर में महिलाएं हैं और इस स्थान पर सिगरेट न पी जाए। इतनी सी बात पर आरोपी आक्रोशित हो गए और प्रार्थी के साथ अश्लील गाली-गलौज करने लगे। आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी दी और फिर हाथ-मुक्कों, लातों, ईंट तथा कील लगी लकड़ी की पटिया से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थी को गंभीर चोटें आईं। घायल की रिपोर्ट पर थाना गोलबाजार में तत्काल मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। गोलबाजार पुलिस ने पुख्ता मुखबिर सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कील लगी लकड़ी की पटिया बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी स्थानीय क्षेत्र के निवासी हैं और घटना के समय नशे की हालत में थे।



