
हरियर एक्सप्रेस, धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र के सांकरा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां फिल्मी स्टाइल में एक सेलून में महिला को रातभर बंधक बनाकर रखा गया और बार-बार उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया है।

छेड़छाड़ से बचने के लिए महिला भागकर सेलून में घुसी थी। मामले में पुलिस ने सेलून संचालक समेत दो आरोपियों शिव धृतलहरे (39 वर्ष) निवासी मेघा मेडिकल के पीछे ग्राम सांकरा और योगेश सेन (40 वर्ष) निवासी कुरूद सिलयारी को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को प्रार्थीया ने पुलिस सहायता केंद्र सिलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 30 जून को ग्राम सांकरा निवासी शिव धृतलहरे उसकी मां के साथ छेड़खानी कर रहा था, तो उसकी मां दौड़ती हुई आई और खुशी सेलून दुकान में बचाव के लिए चली गई। बचाने की बजाय उल्टे खुशी सेलून दुकान के संचालक योगेश सेन ने दुकान का शटर बंद करके पीड़िता के साथ बलात्कार किया। इतना ही नहीं पीड़िता को खुशी सेलून में ही रातभर बंधक बनाकर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए बार-बार बलात्कार किया गया। मामले की रिपोर्ट पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 315/25 धारा 75 351 (2), 115 (2), 64 (2) (ढ), 127 (2), 3 (5) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया है।



