November 4, 2026

Office Address

123/A, Miranda City Likaoli
Prikano, Dope

Phone Number

+0989 7876 9865 9

+(090) 8765 86543 85

Email Address

info@example.com

example.mail@hum.com

City

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान…

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान…

सशक्त लोकतंत्र ही विकसित भारत का आधार, युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं: विधायक डॉ संपत अग्रवाल

बसना महाविद्यालय में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम: मुख्य अतिथि रूप में शामिल हुए विधायक डॉ संपत अग्रवाल,बोले-लोकतंत्र की रक्षा के लिए अराजकता के विरुद्ध मुखर हों युवा।

हरियर एक्सप्रेस, बसना। स्थानीय स्व. श्री जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय, बसना में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ विषय पर आधारित एक दिवसीय भव्य ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और चहुंमुखी खुशहाली की मंगल कामना की। महाविद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया।

युवा संवाद को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र हमारे देश की आत्मा है और इस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरुद्ध युवाओं की बुलंद आवाज ही देश को सही दिशा दे सकती है। जब युवा जागरूक होकर समाज और राष्ट्रहित में सोचते हैं, तब अराजक तत्वों के षड्यंत्र स्वतः निष्प्रभावी हो जाते हैं।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने रेखांकित किया कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति का स्थान हो सकता है, परंतु हिंसा, भ्रम और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली प्रवृत्तियों से दूर रहें तथा संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।

विद्यार्थियों को सीधे संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सफलता और अनुशासन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रबोध के विकास का स्वर्णिम काल है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी बौद्धिक और शारीरिक ऊर्जा को रचनात्मक एवं सकारात्मक दिशा में लगाएं तथा अनुशासन, लगन और नैतिक मूल्यों को अपने दैनिक आचरण में शामिल करें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ कर्तव्यों के निर्वहन को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन ही हमारे लोकतंत्र को दीर्घायु और सशक्त बनाता है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए महाविद्यालय प्रशासन को ऐसे विचारोत्तेजक और राष्ट्रहित से जुड़े विषय पर संवाद आयोजित करने के लिए साधुवाद दिया। इस दौरान जिला महामंत्री भाजपा जितेंद्र त्रिपाठी,संयोजक बसना विधानसभा डॉ. एन. के. अग्रवाल,प्राचार्य डॉ. एस. के. साव,मण्डल अध्यक्ष बसना नरेन्द्र यादव,जिला मिडिया प्रभारी एवं सांसद प्रतिनिधि नवीन साव,जिला महामंत्री युवा मोर्चा कामेश बंजारा ,महामंत्री भाजपा बसना सरोज पटेल,अध्यक्ष युवा मोर्चा बसना आकाश सिन्हा,कोषाध्यक्ष भाजपा अमृत चौधरी,जिला मंत्री युवा मोर्चा कमलेश डड़सेना,अध्यक्ष युवा मोर्चा सांकरा विजय चौधरी,महामंत्री युवा मोर्चा बसना नवीन भट्ट,सोशल मिडिया प्रभारी बसना आयुष अग्रवाल,निज सहायक रोहित अग्निहोत्री,निज सचिव नरेन्द्र बोरे,सहायक प्राध्यापक एवं मंच संचालक एन. के. प्रधान,महामंत्री युवा मोर्चा सांकरा डिगेश यादव सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share
Avatar
About Author

hariyarexpressnews

error: Content is protected !!