October 25, 2026

Office Address

123/A, Miranda City Likaoli
Prikano, Dope

Phone Number

+0989 7876 9865 9

+(090) 8765 86543 85

Email Address

info@example.com

example.mail@hum.com

City

रायपुर के मरीन ड्राइव पर ILS हॉस्पिटल द्वारा भव्य ‘अंगदान जागरूकता वॉकथॉन’ का आयोजन, विधायक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर दिलाया संकल्प…

रायपुर के मरीन ड्राइव पर ILS हॉस्पिटल द्वारा भव्य ‘अंगदान जागरूकता वॉकथॉन’ का आयोजन, विधायक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर दिलाया संकल्प…

“नश्वर शरीर का मोह व्यर्थ, अंगदान ही सच्चा पुण्य”: विधायक अनुज शर्मा

हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा तालाब) में आज सुबह ILS हॉस्पिटल के तत्वावधान में ‘एन ऑर्गन डोनेशन इनिशिएटिव’ (अंगदान जागरूकता अभियान) के तहत एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस अनूठे आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में अंगदान को लेकर फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा लोगों को इस पवित्र कार्य के प्रति जागरूक करना था। पूरे आयोजन के दौरान पूरा मरीन ड्राइव परिसर ‘अंगदान महादान’ के नारों से गुंजायमान रहा।

इस गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व छत्तीसगढ़ी सिनेमा के सुपरस्टार अनुज शर्मा ने शिरकत की। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया और स्वयं भी कदम से कदम मिलाकर दौड़ते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

अंगदान किसी की अंतिम विदाई को नई शुरुआत में बदल सकता है: अनुज शर्मा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने अपने ऊर्जावान और प्रेरणादायी उद्बोधन से उपस्थित प्रतिभागियों, चिकित्सकों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों में नए जोश का संचार किया। उन्होंने मंच से बड़ी घोषणा करते हुए कहा, “मैंने स्वयं भी अंगदान का संकल्प लिया है। मृत्यु के पश्चात इस नश्वर शरीर का मोह व्यर्थ है। यदि हमारे जाने के बाद भी हमारे शरीर का कोई हिस्सा किसी अंधेरे जीवन में रोशनी बन सके या किसी की धड़कन को चालू रख सके, तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं हो सकता।”

उन्होंने आगे कहा कि जीवन अनमोल है और इसे बचाना सबसे बड़ा पुण्य है। हमारा एक सही फैसला किसी जरूरतमंद के जीवन में नया सवेरा ला सकता है। आईएलएस (ILS) हॉस्पिटल द्वारा आयोजित यह वॉकथॉन समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय पहल है।

घर-घर तक संदेश पहुँचाने की अपील, दिलाया संकल्प…

संबोधन के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को पूरी दृढ़ता के साथ अंगदान करने और दूसरों को जीवनदान देने का पवित्र संकल्प दिलाया। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से अपील की कि वे इस संदेश को घर-घर तक पहुँचाएँ, ताकि असमय जिंदगी की जंग हार रहे लोगों को एक नया जीवन मिल सके।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों और नागरिकों की रही बड़ी भागीदारी…

इस वॉकथॉन में शहर के प्रमुख डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों, समाजसेवी संस्थाओं, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में अंगदान के समर्थन वाले पोस्टर, बैनर और तख्तियां लिए प्रतिभागियों ने ‘अंगदान – जीवनदान’ के गगनभेदी नारे लगाए और पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया।

विधायक का अभिनंदन और भविष्य का संकल्प…

कार्यक्रम के समापन पर ILS हॉस्पिटल के प्रबंधन एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। हॉस्पिटल प्रशासन ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाता रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग अंगदान की सरल प्रक्रिया और इसके दूरगामी महत्व को समझ सकें।

Share
Avatar
About Author

hariyarexpressnews

error: Content is protected !!