संजय नगर के धर्म नगर आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित, न्योता भोज और पौधा रोपण का हुआ आयोजन…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी के संजय नगर सेक्टर के अंतर्गत धर्म नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन’ सेवा कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वार्डवासियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वार्ड पार्षद श्री बद्री प्रसाद गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती कविता सिन्हा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनीता त्रिपाठी, श्रीमती रानू साहू, श्रीमती खिलेश्वरी साहू, श्रीमती गुड्डी तथा आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती लता साहू, श्रीमती रामेश्वरी साहू, श्रीमती मिथलेश और श्रीमती सरिता टिकरिहा की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य, मितानिन एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी भी मौजूद थे।

कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियां:
0 न्योता भोज एवं मुनगा पौधा रोपण: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के लिए ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। साथ ही पर्यावरण और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मुनगा (सहजन) का पौधा रोपित किया गया।

0 मातृ संवाद एवं खिलौना दान: माताओं से बच्चों के पोषण और देखभाल को लेकर ‘मातृ संवाद’ का आयोजन हुआ। वहीं वार्डवासियों ने सहभागिता दिखाते हुए आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए खिलौने दान किए।
0 व्यंजन प्रदर्शन एवं स्वस्थ बच्चा पुरस्कार: पोषण स्तर को सुधारने और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही केंद्र के स्वस्थ बच्चों को चिह्नित कर उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।




