September 20, 2026

Office Address

123/A, Miranda City Likaoli
Prikano, Dope

Phone Number

+0989 7876 9865 9

+(090) 8765 86543 85

Email Address

info@example.com

example.mail@hum.com

City

ग्राम बुड़ेरा में जिला व तहसील साहू समाज रायपुर ग्रामीण का भव्य शपथ ग्रहण, प्रतिभा सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह संपन्न…

ग्राम बुड़ेरा में जिला व तहसील साहू समाज रायपुर ग्रामीण का भव्य शपथ ग्रहण, प्रतिभा सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह संपन्न…

साहू समाज छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति, श्रम और स्वाभिमान की सबसे मजबूत रीढ़: विधायक अनुज शर्मा

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा की शपथ, मेधावी युवाओं और बुजुर्गों का हुआ आत्मीय सम्मान।

हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बुड़ेरा स्थित माँ कर्मा मंदिर परिसर में जिला व तहसील साहू संघ (साहू समाज) रायपुर ग्रामीण द्वारा भव्य ‘शपथ ग्रहण, प्रतिभा सम्मान एवं आशीर्वाद समारोह’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में धरसीवाँ के लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की, वहीं समाज के विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

माँ कर्मा की पूजा-अर्चन और आत्मीय स्वागत के साथ शुभारंभ…

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा एवं सामाजिक पदाधिकारियों द्वारा भक्ति और श्रद्धा की प्रतीक माता कर्मा के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन कर पूजा-अर्चन के साथ हुआ। तत्पश्चात समाज के युवाओं द्वारा मुख्य अतिथि का पारम्परिक रीति-रिवाज, ढोल-नगाड़ों और पुष्पहारों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा की शपथ

समारोह के प्रथम चरण में जिला व तहसील साहू संघ रायपुर ग्रामीण के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के दौरान पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा के प्रसार और कमजोर वर्गों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

माँ कर्मा का जीवन त्याग, अटूट भक्ति, सत्य और निष्ठा का संदेश: अनुज शर्मा

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं विधायक अनुज शर्मा ने भावुक और ऊर्जावान शब्दों में कहा, “माँ कर्मा के पावन चरणों में आप सभी के बीच उपस्थित होना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। साहू समाज केवल एक वर्ग या समुदाय नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति, श्रम और स्वाभिमान की सबसे मजबूत रीढ़ है। माँ कर्मा का जीवन त्याग, अटूट भक्ति, सत्य और निष्ठा का अद्वितीय संदेश देता है। जब-जब समाज में भक्ति और समर्पण का इतिहास लिखा जाएगा, माँ कर्मा और भक्त माता राजिम का नाम सबसे ऊपर रहेगा। उन्होंने हमें सिखाया कि ईश्वर भी उसी के वश में होते हैं जिसकी भक्ति में निष्ठा और भावना में निश्छलता हो।”

शपथ एक पवित्र संकल्प, अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे सेवा

विधायक अनुज शर्मा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आगे कहा, “शपथ ग्रहण केवल एक पद को स्वीकार करना नहीं है, यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने और समाज के मान-सम्मान को और ऊँचा उठाने का एक पवित्र संकल्प है। मुझे पूरा विश्वास है कि नई कार्यकारिणी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निस्वार्थ भाव से करेगी।” उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समाज का संगठित और शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। आज के इस दौर में हमारे युवाओं को शिक्षित और कौशलयुक्त बनना बेहद जरूरी है।

प्रतिभाओं का सम्मान हमारे उज्ज्वल भविष्य की नींव

युवाओं की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा, “जब हमारे युवा शिक्षा, खेल, कला या अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ते हैं, तो वह केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाते हैं। इन प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित कर हम अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रहे हैं। साहू समाज हमेशा से संगठित, संगठनात्मक अनुशासन से परिपूर्ण और जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है। शिक्षा का अलख जगाना हो, सामाजिक कुरीतियों को मिटाना हो या राज्य के विकास में भागीदारी निभानी हो—इस समाज का योगदान अप्रतिम है। आइए, आज माँ कर्मा के चरणों में यह संकल्प लें कि हम समाज में एकता, बंधुत्व और शिक्षा के प्रकाश को और अधिक फैलाएंगे। अपने युवाओं को सही दिशा देंगे और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संजोकर रखेंगे।”

प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान…

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में साहू समाज की उभरती हुई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इसमें शैक्षणिक वर्ष में 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं सहित खेलकूद, कला और संस्कृति में विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के होनहार युवाओं को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बुजुर्गों का सम्मान और आशीर्वाद समारोह…

समारोह के अंतिम चरण में बुड़ेरा गाँव एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों का शॉल व श्रीफल भेंटकर ‘आशीर्वाद समारोह’ के तहत आत्मीय सम्मान किया गया और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया गया। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि हमारे बुजुर्गों का मार्गदर्शन और उनका आशीर्वाद ही वह शक्ति है जो हमें हर कठिनाई से पार ले जाती है।

कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामय उपस्थिति…

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, इंद्र कुमार साहू, संदीप साहू, वेदराम मनहरे, राजा साहू, सहित जिला साहू संघ रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष, तहसील साहू संघ के पदाधिकारीगण, बुड़ेरा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिला मंडल, युवा प्रकोष्ठ के सदस्य तथा भारी संख्या में साहू समाज के पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में तहसील साहू संघ द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों व समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share
Avatar
About Author

hariyarexpressnews

error: Content is protected !!