रावाभाठा में 73 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन बनकर तैयार, जल्द सर्वसमाज को मिलेगा लाभ…
हरियर एक्सप्रेस, बिरगांव। बिरगांव नगर निगम के रावाभाठा वार्ड क्रमांक 15 में सतनामी समाज की भूमि पर वर्ष 2022 में स्वीकृत लगभग 73 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जल्द ही इस मंगल भवन को सर्वसमाज के लिए समर्पित किया जाएगा।

मंगल भवन के प्रारंभ होने से रावाभाठा सहित आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को शादी-विवाह, सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुविधाजनक एवं बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। यह भवन क्षेत्र के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा के रूप में उपयोगी साबित होगा।
बिरगांव नगर निगम के महापौर श्री नंदलाल देवांगन एवं एमआईसी सदस्यों की सहमति से मंगल भवन की देखरेख एवं संचालन की जिम्मेदारी निगम की निगरानी में सतनामी समाज द्वारा किए जाने का निर्णय लिया गया है।

मंगल भवन के सर्वसमाज के लिए उपलब्ध होने से विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए नागरिकों को सुविधा मिलेगी। साथ ही यह भवन सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे एवं सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



