खरोरा के कनकी हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देखी विधानसभा की कार्यवाही: विधायक अनुज शर्मा की पहल पर हुआ शैक्षणिक भ्रमण…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को जमीनी स्तर पर समझने और संसदीय प्रक्रियाओं से रूबरू होने के उद्देश्य से आज ग्राम खरोरा स्थित ग्राम कनकी के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण ने विद्यार्थियों में भारी उत्साह जगाया।
पहली बार सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे छात्र-छात्राओं के चेहरे पर उत्सुकता और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। विद्यार्थियों ने सदन की गरिमा, पक्ष-विपक्ष की चर्चा और विधायी कार्यों को बारीकी से समझा।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि आज आपने जिसे अपनी आँखों से देखा, वह केवल एक आलीशान भवन नहीं है, बल्कि हमारे लोकतंत्र का मंदिर है। यहाँ राज्य के भविष्य की नीतियां बनती हैं। आप आज दर्शक दीर्घा में थे, लेकिन कल आप में से ही कोई यहाँ बैठकर प्रदेश का नेतृत्व कर सकता है। जीवन में सफलता के लिए दो चीजें बहुत जरूरी हैं—कड़ी मेहनत और अनुशासन। जैसे विधानसभा की कार्यवाही नियमों से चलती है, वैसे ही आपका छात्र जीवन भी नियमों और ऊंचे लक्ष्यों पर आधारित होना चाहिए। खूब पढ़िए, क्योंकि शिक्षा ही वह चाबी है जो हर बंद दरवाजा खोल सकती है।युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव मिलना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि भविष्य के कर्णधारों में लोकतंत्र के प्रति यह रुचि और उत्साह एक सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में सुखद संकेत है। मैं हमेशा कहता हूँ कि अपनी भाषा, अपनी संस्कृति और अपनी मिट्टी को कभी मत भूलना। आप ग्रामीण परिवेश से आते हैं, यह आपकी कमजोरी नहीं बल्कि आपकी ताकत है। अपनी मेहनत से कनकी और अपने स्कूल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करें।
विधानसभा परिसर में भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को प्रदेश के वरिष्ठ नेतृत्व से मिलने और उनसे सीखने का अनूठा अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा व प्रबोध मिंज ने युवाओं से सीधा संवाद किया। नेताओं ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र के स्तंभों, कानून निर्माण की प्रक्रिया और जनसेवा के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
स्कूल के शिक्षकों ने इस प्रेरणादायक पहल के लिए विधायक श्री अनुज शर्मा का आभार व्यक्त किया।
साथ ही विधानसभा परिसर में यादव समाज के जनप्रतिनिधियों ने विधायक अनुज शर्मा से भी भेंट मुलाक़ात की।



