शिवमंगल मिलन मेले में नारी शक्ति सम्मेलन, सकारात्मक संकल्प से घर को स्वर्ग बनाने का संदेश…
हरियर एक्सप्रेस, बिलासपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज, मेडिटेशन ट्रेनिंग सेंटर रघुविहार द्वारा 12 फरवरी से 16 फरवरी तक पाँच दिवसीय शिवमंगल मिलन मेला का आयोजन किया गया है। मेले के प्रथम दिवस पर नारी शक्ति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसके अंतर्गत “मेरा घर – मेरा स्वर्ग” विषय पर विशेष वर्कशॉप आयोजित की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नागेश्वरी साहू जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष, बिलासपुर रहीं तथा सेंटर इंचार्ज तोरवा बी.के. राखी दीदी जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। मंच पर आयोजन समिति के अध्यक्ष बी.के. विकास भाई जी एवं तालापारा सेंटर इंचार्ज बी.के. रमा दीदी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य परिवारों में आध्यात्मिक मूल्यों का जागरण, सकारात्मक सोच का विकास तथा नारी शक्तियों को परिवार एवं समाज निर्माण की सशक्त आधारशिला के रूप में जागरूक करना रहा। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि जब घर का वातावरण शांति, प्रेम और संस्कारों से भरता है, तभी वह वास्तविक रूप से “स्वर्ग” बनता है और हमारी संस्था इसी उद्देश्य पर कार्यरत है।
मुख्य वक्ता बी.के. राखी दीदी जी ने संकल्प एवं वाणी की शक्ति पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा,
“हमारे बोल और संकल्प हमारे परिजनों के परिवर्तन का आधार हैं। हमारे शुभ बोल एवं संकल्प किसी भी व्यक्ति में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। अतः हमें हर परिस्थिति एवं व्यक्ति के प्रति अपने बोल और संकल्प सदा सकारात्मक रखने चाहिए।”
मुख्य अतिथि नागेश्वरी साहू जी ने संस्था की बहनों की सराहना करते हुए नारी शक्तियों को संबोधित किया और कहा,
“हर नारी शिव की शक्ति है, जो सृष्टि के सृजन और संस्कारों के संरक्षण की आधारशिला है।”

कार्यक्रम का संचालन बी.के. शारदा बहन ने किया, संस्था का परिचय बी.के. अंजली बहन द्वारा दिया गया एवं बी.के. रमा दीदी जी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जूनियर मिस इंडिया का खिताब प्राप्त गार्गी ओंटेन सहित विभिन्न महिला समितियों की अध्यक्षों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
लगभग 150 नारी शक्तियों की प्रेरणादायी उपस्थिति के साथ कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।



