हरियर एक्सप्रेस, दुर्ग। जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां चार से अधिक अज्ञात चोरों ने एक बिल्डिंग ठेकेदार के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम मोतीपुर खम्हरिया रोड का है।
पीड़ित राम स्वरूप साहू ने थाना अमलेश्वर में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि चोर घर के पीछे के दरवाजे से भीतर दाखिल हुए। मुख्य दरवाजे का लॉक सुरक्षित था, लेकिन कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला तोड़कर कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार चोरी में 34 सोने के जेवर और 14 चांदी के जेवर शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3,18,070 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा लाखों रुपए नकद चोरी होने की भी जानकारी मिली है। पीड़ित ने चोरी हुए जेवरात से संबंधित करीब 18 बिल पुलिस को सौंपे हैं।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।



