दुर्ग पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला ने यातायात मुख्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण…

हरियर एक्सप्रेस, दुर्ग। दुर्ग पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला (भापुसे) द्वारा यातायात मुख्यालय, नेहरू नगर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में यातायात थाना संचालित कर सड़क दुर्घटना की विवेचना यातायात विभाग द्वारा की जायेगी जिससे सड़क के वास्तविक कारणों पर अंकुश लगाकर सड़क दुर्घटना में कमी लायी जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने यातायात के समस्त जोन प्रभारी प्रत्येक गंभीर सडक दुर्घटना का निरीक्षण करें और सड़क दुर्घटना के वास्तविक कारणों की रिपोर्ट तैयार करें।
सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु चिन्हाकिंत ब्लेक/ग्रे स्पॉट तथा अन्य सडक दुर्घटनाजन्य क्षेत्र में आवश्यक सुधार कार्य हेतु संबंधित विभागों से संपर्क करने के भी उन्होंने निर्देश जारी किए।
पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से प्राप्त संसाधनों की कार्यवाही के दौरान उचित प्रयोग करने कहा गया साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालको पर प्रतिदिन कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देश जारी किए गए।



