सीरत कमेटी की चुनावी तैयारियां पूरी, मुस्लिम दिग्गज उतरे मैदान में 20 अप्रैल को वोटिंग के बाद होगी अध्यक्ष की घोषणा…

हरियर एक्सप्रेस/नवेद खान
रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से शहर सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष को ले चुनावी घमासान जोरो पर था। अब चुनावी तैयारियां भी पूरी हो चुकी है। शहर में मुस्लिम समुदाय में खासी पकड़ रखने वाले उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर कर अच्छा खासा प्रचार प्रसार करते हुए लोगों से वोट देने की अपील भी कर चुके हैं। वहीं 20 अप्रैल को सुबह 09:00 बजे से लेकर शाम 04:00 बजे तक मतदान होना तय है और मिली जानकारी के अनुसार इसी दिन शाम को जीतने वाले उम्मीदवार की घोषणा भी कर दी जाएगी। इस बार कुल तीन उम्मीदवार शहर सीरतुन्नबी कमेटी के अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में हैं जिनमें “मोहम्मद सोहेल सेठी” (खजूर पेड़ छाप), “शेख शोबी जमील” (चांद तारा छाप) और “शेख रसूल दादा भाई” (गुलाब फूल छाप) शामिल है। सूत्रों की माने तो तीनों प्रत्याशियों में जबरदस्त टक्कर दिखाई देने वाली है क्यों कि इस बार के चुनाव में प्रत्याशी कोई किसी से कम नहीं है।

1. मोहम्मद सोहेल सेठी राजधानी का जाना माना युवा चेहरा है साफ छबि और बड़े व्यापारियों में इनका शुमार होता है साथ ही समाज सेवी के रूप में भी इन्हें जाना जाता है।

2. शेख शोबी जमील के सदारत में हर साल राजधानी रायपुर से अजमेर शरीफ में चादर पेश की जाती है जिसे शहर के बीचों बीच बैजनाथपारा में रखा जाता है और बड़े पैमाने पर इस संदल व चादर में लोग शिरकत करते हैं। वहीं इन्हें समाज सेवी के रूप में भी पहचान मिली हुई है।

3. शेख रसूल दादा भाई भी किसी तार्रुफ के मोहताज नहीं है यह भी मुस्लिम समाज में खासी पकड़ रखने वाले एवं मोवा मस्जिद में मुतवल्ली जैसे पद पर कायम रह कर क़ौम की खिदमत करने वालों में इनका शुमार है।

अब 20 अप्रैल को वोटिंग होगी और इसी दिन कुछ देर बाद मतगणना होगी जिसके फौरन बाद जीतने वाले उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। चुनाव समिति ने हरियर एक्सप्रेस न्यूज़ के माध्यम से सभी लोगों से अपील करते हुए कहा है कि शांति व्यवस्था बनाए रखें और बड़े ही सुकून और अमन चैन के साथ अपने मन पसंद उम्मीदवार को चुने और आगामी होने वाले जश्ने ईद मिलादुन्नबी के प्रोग्राम में इन्हें खिदमत करने का मौका प्रदान करे।

ज्ञात हो कि दिनांक 20 अप्रैल 2025 रविवार को सुबह 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक रायपुर के औलिया चौक यानि सैयद शेर अली आगा की दरगाह के बाजू सालेम स्कूल में मतदान होना है और सभी सदस्यों को अपना सीरतुन्नबी कमेटी वाला पहचान पत्र/मेंबर कार्ड ले कर आना अनिवार्य है।




