खरसिया चाकूबाजी मामला: फरार आरोपी की जानकारी देने पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित…
हरियर एक्सप्रेस, रायगढ़। खरसिया बस स्टैंड क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला और मारपीट करने के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए रायगढ़ पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद के बारे में ठोस जानकारी देने या उसे गिरफ्तार कराने में सहायता करने वाले को 5,000 रुपये नकद पुरस्कार देने का आदेश जारी किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25 वर्ष), पिता मुस्ताक खान, निवासी सिविल लाइन खरसिया, चौकी खरसिया, जिला रायगढ़, घटना के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ है। उसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस मामले में थाना खरसिया (चौकी खरसिया) में अपराध क्रमांक 569/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) और 3(5) के अंतर्गत जांच की जा रही है। प्रकरण में एक सह-आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार बनने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। साथ ही, इनाम से जुड़े किसी भी विषय पर डीआईजी एवं एसएसपी रायगढ़ का निर्णय अंतिम माना जाएगा।

सूचना देने के लिए संपर्क नंबर
0 डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़: 9479193200
0 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रायगढ़: 9479193201
0 एसडीओपी, खरसिया: 9479193205
0 चौकी प्रभारी, खरसिया: 9479193228
0 पुलिस नियंत्रण कक्ष, रायगढ़: 9479193299



