बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निवास ‘नीलांचल भवन’ में भव्य समरसता भोज, उमड़ा जनसैलाब…
विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समरसता भोज से दिया सामाजिक एकजुटता का संदेश नीलांचल भवन में दीपोत्सव पर समरसता भोज: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले-प्रेम और सद्भाव ही हमारे समाज की असली ताकत।
आमजन के साथ जमीन पर पंगत में बैठकर विधायक ने ग्रहण किया भोजन, दीपोत्सव पर दिया सामाजिक एकजुटता का संदेश।

हरियर एक्सप्रेस, बसना। प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निज निवास ‘नीलांचल भवन’ में एक भव्य एवं ऐतिहासिक समरसता भोज का आयोजन किया गया। इस दीपोत्सव मिलन समारोह में क्षेत्रभर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आमजनों का विशाल जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम में महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप प्रज्वलित करने का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन से अंधकार, कटुता और भेद-भाव मिटाकर सद्भाव का उजाला फैलाने का प्रतीक है।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आगे कहा कि समरसता भोज का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोना और आपसी अपनत्व को प्रगाढ़ करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब समाज का हर व्यक्ति एक साथ बैठकर भोजन करता है, तो ऊंच-नीच और जाति-वर्ग की दीवारें टूटती हैं। यह समरसता भोज हमारे बसना परिवार की अटूट एकता, परस्पर विश्वास और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। हमारा संकल्प है कि बसना विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को साथ लेकर ही पूरा किया जाएगा।
समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने अपने उद्बोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर इस प्रकार का समरसता भोज समाज में सकारात्मक ऊर्जा और समरसता का संचार करता है। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल हमेशा जनसेवा और क्षेत्र के हर नागरिक को परिवार मानकर कार्य करते हैं। नीलांचल भवन में आयोजित यह समरसता भोज सामाजिक समरसता, स्नेह और परस्पर सम्मान का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस भव्य आयोजन की सबसे खास और प्रेरक बात यह रही कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने किसी विशिष्ट आसन या वीआईपी व्यवस्था के बजाय आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर पंगत में बैठकर पारंपरिक रूप से भोजन ग्रहण किया। उनकी इस सहजता, सादगी और जमीनी जुड़ाव ने उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। विधायक को अपने बीच एक सामान्य जन की तरह बैठकर भोजन करते देख लोगों ने उनके इस आचरण की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे समरसता के संदेश की सच्ची मिसाल बताया।
आयोजन के दौरान नीलांचल भवन में दिनभर उत्सव जैसा उल्लासमय माहौल रहा। विभिन्न समाजों के प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और हजारों नागरिकों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। आगंतुकों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने स्वयं आगे बढ़कर उपस्थित सभी अतिथियों व नागरिकों का आत्मीय स्वागत एवं सत्कार किया।

नीलांचल भवन में आयोजित इस भव्य समरसता भोज में सह बौद्धिक प्रमुख छत्तीसगढ़ प्रांत डॉ. ओमप्रकाश शर्मा,शक्तिपीठ प्रमुख गायत्री परिवार, बसना देवचंद्र नायक, अलेख महिमा आश्रम दुरूगपाली योगेन्द्र महाराज, प्राचीन कबीर कुटी आश्रम तरेकेला लखन मुनि साहेब, आर्थिक प्रकोष्ठ भाजपा जिला संयोजक सुमित अग्रवाल, भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण, प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



