
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजारी नगर (रावांभाठा) में दशहरा के दौरान सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3.79 लाख रुपये का मशरूका (सोने-चांदी के जेवरात और नगदी) बरामद किया है।
घटना का विवरण:
प्रार्थी सीताराम गुप्ता अपने परिवार के साथ दशहरा मनाने मूल ग्राम (मध्यप्रदेश) गए हुए थे। 2 नवंबर को जब वे वापस लौटे, तो उनके घर और आलमारी का ताला टूटा मिला। लॉकर में रखे करीब 7.50 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी हो चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना खमतराई में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
नॉर्थ जोन अधिकारियों के मार्गदर्शन में खमतराई पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना और तकनीकी सहायता से संदेहियों की धरपकड़ की। पूछताछ में आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 3.50 लाख रुपये के जेवरात और 29,000 रुपये नगद (कुल 3.79 लाख रुपये) जब्त कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. सागर मलिक (31 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा।
2. मनीष साहू (27 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा।
3. राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर (25 वर्ष), निवासी बंजारी नगर, रावांभाठा।
4. चेतन निषाद (27 वर्ष), निवासी बंजारी नगर (मूल निवासी पलारी, बलौदाबाजार)।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



