हरियर एक्सप्रेस, बिलासपुर। डेक एकेडमी नेहरू चौक, बिलासपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि तिलकनगर, बिलासपुर के स्थानीय पार्षद श्री लक्ष्मी नारायण कश्यप के करकमलों से हुआ।

इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। शिविर में नाक, कान एवं गला, दंत परीक्षण तथा नेत्र परीक्षण की सुविधाएँ प्रदान की गईं।

इस शिविर में सैकड़ों विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। रायपुर से आई चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। इस पहल से विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक होने और समय पर जाँच कराने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में डेक एकेडमी के निदेशक श्री डी. पी. गोस्वामी, बिलासपुर शाखा प्रमुख पिंटू सर, डिप्टी डायरेक्टर अनिकेता मैडम, डॉ. श्रद्धा निर्मलकर, आशीष ठाकुर, शिक्षक कृष्णा सर तथा प्रीति टिशु संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक पीयूष जैन सहित अन्य सहयोगियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
इस जनहितकारी आयोजन में रुपजीवन हॉस्पिटल, ए एस जी आई हॉस्पिटल, श्रीवेदम डेंटल और आयुर्वेदिक क्लीनिक तथा एस.एस. क्रिएशन का सहयोग रहा। सभी सहयोगी संस्थानों एवं चिकित्सकों के योगदान से शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
डेक एकेडमी के निदेशक श्री डी. पी. गोस्वामी ने मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मी नारायण कश्यप, रायपुर से आई चिकित्सक टीम, सभी सहयोगी संस्थानों, उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डेक एकेडमी भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज सेवा के लिए प्रयासरत रहेगी।

यह शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व को समझाने तथा विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।



