रायपुर में भव्य गणेश झांकी सम्मान समारोह संपन्न, साधु- संतों ने विजेताओं को किया पुरुस्कृत…
उत्कृष्ट झांकियों का हुआ सम्मान, भाजपा नेता बसंत अग्रवाल ने की कलाकारों की मेहनत की सराहना।
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। अखिल भारतीय संत समिति के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित माँ भारती विद्यालय (मच्छी तालाब) में गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को भव्य ‘गणेश झांकी प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह’ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस गरिमामय समारोह में गणेशोत्सव के दौरान शहर में निकाली गई मनमोहक और भव्य झांकियों का प्रदर्शन करने वाली समितियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दक्षिण कौशल के पीठाधीश्वर महंत राजीव लोचन दास शक्तिधाम के पीठाधीश्वर संत दिवाकर दास महाराज, तथा भाजपा नेता व वरिष्ठ समाजसेवी बसंत अग्रवाल उपस्थित रहे। संतों के सानिध्य और आशीर्वाद से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय और ऊर्जावान हो गया।
इस भव्य प्रतियोगिता में झांकियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए संजय अग्रवाल और अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने निर्णायक (जज) की अहम भूमिका निभाई। निर्णायकों ने झांकियों की आकर्षक सजावट, चुनी गई विषय-वस्तु (थीम), धुमाल की शानदार प्रस्तुति और समिति के सदस्यों के उत्साह व अनुशासन को मुख्य आधार बनाकर विजेताओं का निष्पक्ष चयन किया।

इन समितियों ने मारी बाजी
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उत्कृष्ट झांकियों की घोषणा और पुरस्कार वितरण रहा। भगवान जगन्नाथ की मनमोहक झांकी बनाकर प्रतियोगिता में अपनी कला, सज्जा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्री मनोकामना गणेशोत्सव समिति ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शील्ड और 51,000 का नकद पुरस्कार जीता।
वहीं, द्वितीय स्थान पर रही मॉडल क्लब कांतारा की झांकी को 31,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली दो समितियां रही जिसमे श्री विनायक गणेश उत्सव (होली रास लीला झांकी) समिति श्री आराध्या सुनीति मंडल (कल्कि अवतार) को 21,000 की सम्मान राशि व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली अन्य समितियों को भी 3100 रुपये और प्रतीक चिन्ह देकर उत्साहवर्धन किया गया।
झांकियां हमारी आस्था और युवाओं की मेहनत का प्रतीक: बसंत अग्रवाल
इस अवसर भाजपा नेता एवं समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने
नशे के खिलाफ एक कड़ा संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा, “आज का युवा ही हमारे धर्म, समाज और राष्ट्र का भविष्य है। मैं इस पावन मंच से सभी युवाओं से आह्वान करता हूँ कि वे किसी भी प्रकार के नशे और व्यसन से पूरी तरह दूर रहें। नशा न केवल एक व्यक्ति की प्रतिभा को खत्म करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। भगवान विघ्नहर्ता हमें ज्ञान और सद्बुद्धि का आशीर्वाद देते हैं, इसलिए आज हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम एक नशामुक्त, स्वस्थ और ऊर्जावान समाज का निर्माण करेंगे।”
“रायपुर की गणेश झांकियां केवल एक आयोजन या प्रदर्शन नहीं हैं, बल्कि यह हमारी सनातन संस्कृति, अटूट आस्था और युवाओं की महीनों की कड़ी मेहनत का जीवंत प्रतीक हैं। हमारे कलाकार रात-दिन एक करके जिस कला को मूर्त रूप देते हैं, वह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है।”
उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आगे कहा, “अखिल भारतीय संत समिति द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह निश्चित रूप से कलाकारों के भीतर नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। आज हमारी युवा पीढ़ी जिस समर्पण के साथ अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेज रही है, वह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। मैं सभी विजेता समितियों और झांकी के निर्माण में अपना पसीना बहाने वाले हर एक कलाकार को हृदय से बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ।”
भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रिया सिंह सेवा संकल्प अभियान , नशा मुक्त भारत जागरूकता अभियान के तहत गणेश उत्सव समितियो के युवाओं को नशे दूर रहने और नशा मुक्त भारत के निर्माण की बात कही।
समारोह में श्यामू तिवारी, राकेश शर्मा मनीष ठाकुर, देव नागरिया, सोमनाथ मिश्रा, शुभम यादव, राजा साहू सहित
बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में झांकी कलाकार उपस्थित रहे।



