रायपुर मुस्लिम समाज का जोरदार प्रदर्शन, किया वक्फ बोर्ड कार्यालय का घेराव…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना टिकरापारा स्थित संजय नगर मस्जिद ए गरीब नवाज़ के इमाम साहब को अचानक हटाए जाने के फैसले के बाद मोहल्लेवासियों और रायपुर मुस्लिम समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। इस निर्णय के विरोध में आज मुस्लिम समाज के लोगों ने एकजुट होकर राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय का घेराव करते हुए अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इमाम साहब को बिना किसी ठोस कारण व सबूत और स्थानीय जमात को विश्वास में लिए बिना हटाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद मुतवल्ली पर मनमाने ढंग से कार्य करने का आरोप लगाते हुए इमाम साहब को तत्काल बहाल करने की मांग रखी है।

घेराव के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय निवासियों और समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने वक्फ बोर्ड प्रशासन को चेतावनी दी है, कि यदि जल्द ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

वही छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने कहा है कि यह फैसला मुतवल्ली एवं मस्जिद कमेटी के शिकायत के अनुसार लिया गया था अब दूसरे पक्ष की भी बात सुनने के बाद 10 दिनों के अंदर पुनः जांच कर उचित कार्यवाही करते हुए इमाम साहब को बहाल किया जाएगा यानी वापस इमामत के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहां कि दूसरे पक्ष की बातें सुनने के बाद यह मालूम हुआ है कि मुफ्ती मुजीबुर्रहमान साहब पर लगाए गए सभी आरोप झूठे है और मस्जिद मुतवल्ली के पक्ष को सुन कर एक तरफा फैसला लेते हुए इमाम साहब को हटा दिया गया था परंतु दूसरे पक्ष की बातों से लगता है कि इमाम साहब पर लगाए गए तमाम आरोप बेबुनियाद है।

अब देखना यह है कि 10 दिनों के अंदर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज द्वारा क्या मस्जिद मुतवल्ली और कमेटी पर कोई बड़ी कार्यवाही हो सकती है? क्यों कि मिली जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों के मांग का मुख्य बिंदु मस्जिद मुतवल्ली को हटाकर फिर से चुनाव करवाना है और इमाम साहब को बहाल करना है।




