मस्जिद में इमाम के साथ गाली गलौज करने वालों पर सख्त कार्यवाही तथा मुतवल्ली के साथ पूरी कमेटी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर वक्फ बोर्ड कार्यालय तक पैदल मार्च…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना स्थित संजय नगर मस्जिद ए गरीब नवाज़ के इमाम मुफ्ती मुजीबुर्रहमान साहब के साथ अभद्रता एवं मस्जिद परिसर में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तथाकथित गाली गलौज का आरोप लगाते हुए संजय नगर मस्जिद ए गरीब नवाज़ के मुतवल्ली एवं समस्त कमेटी को रद्द कर नए सिरे से चुनाव करवाने की मांग को लेकर आज दिनांक 07 सितम्बर 2026 को दोपहर 2 बजे से मस्जिद के जमातियों एवं मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों द्वारा रायपुर वक्फ बोर्ड कार्यालय तक पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह पैदल यात्रा हजरत शेर अली आगा बाबा की दरगाह के सामने से हो कर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड कार्यालय रायपुर तक रहेगी।
मिली जानकारी के अनुसार इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रमुख रूप से मुफ़्ती मुजीबुर्रहमान साहब की सम्मानपूर्वक बहाली, संजय नगर गरीब नवाज़ मस्जिद कमेटी को खारिज/बर्खास्त कर नए मुतवल्ली का चुनाव कराने तथा मुफ़्ती साहब पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच एवं निराकरण की मांग की जाएगी।
साथ ही, मस्जिद की बे-हुरमती, गुंडागर्दी एवं गाली-गलौज करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई तथा मस्जिद कमेटी के कुछ सदस्यों द्वारा मुफ़्ती साहब के साथ की गई कथित अभद्रता, गाली-गलौज एवं लगाए गए झूठे आरोपों को लेकर भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

विशेष रूप से मस्जिद कमेटी द्वारा एकतरफा कार्रवाई करने, दूसरे पक्ष की बात सुने बिना निर्णय लेने तथा बिना पूर्व सूचना दिए कार्रवाई किए जाने की स्थिति में संबंधित मस्जिद कमेटी को बर्खास्त करने की कार्रवाई किए जाने की वक्फ बोर्ड कार्यालय में मांग रखी जाएगी।



