शातिर नकबजन एवं विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित कुल 04 गिरफ्त में।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत अमलीडीह बी.एस.यू.पी. कॉलोनी स्थित प्रार्थी के सूने मकान को बनाये थे निशाना।
प्रकरण का मास्टर माईंड है आरोपी पवन मण्डल।
आरोपी पवन मण्डल चोरी के लगभग 02 दर्जन से अधिक प्रकरणों को पूर्व में भी दे चुका है अंजाम।
प्रकरण में संलिप्त है विधि के साथ संघर्षरत 03 बालक।
कब्जे से चोरी की सोने, चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम किया गया है जप्त।
जप्त मशरूका की कुल कीमत है लगभग 7,71,000/-रूपये।
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही।
advertisement…
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। विवरण यह है कि प्रार्थी बिस्वम्बर महानंद निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी अमृत होम अमलीडीह ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 23.06.2026 को दोपहर लगभग 12ः00 बजे घर में ताला लगाकर पंडरी गया था। लगभग 02ः00 बजे वापस लौटने पर घर के अंदर चोरी होना पाया। अज्ञात चोर घर के पीछे की दरवाजे के रास्ते अंदर प्रवेश कर आलमारी एवं उसके दोनों लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगद राशि चोरी कर ले गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 219/26 धारा 331(2), 305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। जिसके तारतम्य में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना न्यू राजेन्द्र नगर की संयुक्त टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई।
घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा तकनीकी विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिर सक्रिय कर घटना के तरीका-वारदात के आधार पर पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के संबंध में तस्दीक कर जानकारी एकत्रित की गई तथा अज्ञात आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे थे।

इसी दौरान टीम को सूचना प्राप्त हुई कि पवन मण्डल, जो आदतन एवं शातिर चोर है, घटना के समय घटनास्थल के आसपास कुछ लड़कों के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया था। सूचना के आधार पर टीम ने पवन मण्डल की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अन्य 03 लड़के जो विधि के साथ संघर्षरत बालक है, के साथ मिलकर उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी पवन मण्डल से प्राप्त जानकारी के आधार पर तीनों विधि के साथ संघर्षरत बालकों की भी पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलवा दिया है।
चारों को गिरफ्तार कर निशानदेही पर कब्जे से चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलाकर तैयार किया गया सोना लगभग 50 ग्राम, चांदी के जेवरात एवं नगदी रकम जुमला कीमती लगभग 7,71,000/-रूपये जप्त कर चारों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
आरोपी पवन मण्डल आदतन एवं शातिर चोर है, जिसके विरुद्ध रायपुर शहर के विभिन्न थानों में चोरी एवं नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। उक्त प्रकरणों में आरोपी पूर्व में कई बार गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल निरुद्ध रह चुका है।

गिरफ्तार
01. पवन मण्डल पिता स्व. गोपाल मण्डल उम्र 35 साल निवासी ब्लॉक नंबर 10, मकान नंबर 18 हाऊसिंग बोर्ड कालोनी कचना थाना खम्हारडीह रायपुर।
02. विधि के साथ संघर्षरत 03 बालक।



