हरियर एक्सप्रेस, बिलासपुर। जिले में अपराध, गुंडागर्दी और चाकूबाजी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने रविवार सुबह शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में संचालित इस अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अद्यतन चाकूबाजों, निगरानीशुदा गुंडा-बदमाशों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के घरों और संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, पूछताछ और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की गई।
advertisement…
इस व्यापक अभियान के तहत कुल 90 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन किया गया। जांच में आदतन अपराधी पाए जाने पर 76 गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले 12 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद किए। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी चिन्हित असामाजिक तत्वों, निगरानीशुदा बदमाशों और चाकूबाजों को सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट, धमकी, अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी, गुंडागर्दी या कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए तो उनके विरुद्ध और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई सहित अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों का भी उपयोग किया जाएगा।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए किसी भी प्रकार की कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना बनी रहे।
पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध हथियार रखने, चाकूबाजी, गुंडागर्दी, नशाखोरी अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा प्राप्त सूचना पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



