हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। पुलिस द्वारा अपराधियों एवं फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तेलीबांधा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आदतन अपराधी एवं फरार वारंटी विकास शुक्ला पिता ओमप्रकाश शुक्ला, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी लाभांडी, थाना तेलीबांधा, रायपुर को गिरफ्तार किया गया है।

विज्ञापन…
आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा एवं अन्य थाना क्षेत्रों में मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, अवैध वसूली तथा अन्य गंभीर प्रकृति के कुल कई आपराधिक प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के पालन में पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना तेलीबांधा में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए धारा 129 बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगासा भी प्रस्तुत किया गया है, जिससे उसकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।
इसके अतिरिक्त, न्यायालयीन अभिरक्षा के दौरान आरोपी द्वारा न्यायालय परिसर से भागने (फरार होने) का प्रयास/घटना किए जाने पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 335/2026, धारा 259 बीएनएस के अंतर्गत पृथक प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उक्त प्रकरण में भी आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
रायपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



