कमरा बंद और फांसी में लटकी मिली नवविवाहिता…
हरियर एक्सप्रेस, जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका अपने पीछे 11 माह का मासूम बच्चा छोड़ गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
advertisement…
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आँचल सिदार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले सिवनी निवासी सपन सिदार (24 वर्ष) से हुई थी। दंपति का 11 माह का एक बेटा है। परिवार के लोग संयुक्त रूप से एक ही मकान में रहते थे।
देर रात कमरे में गई, सुबह मिली फंदे पर लटकी…
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात आँचल अपने कमरे में सोने के लिए गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर पति सपन सिदार ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थिति गंभीर लगने पर परिजन घर के पीछे पहुंचे और कमरे की छत की शीट हटाकर अंदर देखा।
वहां आँचल फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना चांपा थाना पुलिस को दी।

पुलिस ने शुरू की जाँच…
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मरग कायम कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जाँच में आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जाँच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। फिलहाल पुलिस सभी संभावित आधारों को ध्यान में रखकर मामले की जाँच कर रही है।



