श्रेया कालरा और ऋषभ का युवतियों को शराब पिलाते वीडियो वायरल
सेरीखेड़ी के पियानो क्लब में देर रात तक पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
रोडीज फेम श्रेया कालरा और ऋषभ जायसवाल पर युवाओं को शराब पिलाने का आरोप
पुलिस ने रात 12:30 बजे मौके पर पहुंचकर रुकवाई पार्टी, क्लब प्रबंधन पर जांच शुरू
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी में लेट नाइट पार्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सेरीखेड़ी स्थित क्लब में देर रात तक चली पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है। वीडियो में रोडीज फेम श्रेया कालरा और ऋषभ जायसवाल युवाओं, खासकर युवतियों को अपने हाथों से शराब पिलाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पियानो क्लब का है, जहां देर रात तक तेज संगीत, भारी भीड़ और खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। वायरल वीडियो में श्रेया कालरा कथित तौर पर ‘दारू पियो, ऐश करो’ कहते हुए भी सुनाई दे रही हैं। यह पूरा घटनाक्रम मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है।

समय सीमा के बाद भी जारी थी पार्टी
स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम रात करीब 12:30 बजे मौके पर पहुंची और पार्टी को रुकवाया। बताया जा रहा है कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी क्लब में गतिविधियां जारी थीं, जो नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, नाइट क्लब संचालन के लिए प्रशासन द्वारा समय सीमा तय की जाती है, जिसके बाद किसी भी प्रकार की गतिविधि की अनुमति नहीं होती
जांच के घेरे में क्लब प्रबंधन
मंदिर हसौद थाना पुलिस ने प्रसारित वीडियो की जांच शुरू कर दी है। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो क्लब प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वहां अन्य अवैध गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं।



