चाकूबाजी करने वालों, क्षेत्र में शांति भंग करने वाले पत्थरबाजों एवं सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराने वालों पर कड़ी कार्रवाई।
ACCU एवं थाना मौदहापारा की संयुक्त कार्रवाई में 24 घंटे के भीतर 12 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद।
सभी पर गैर जमानतीय संगीन धाराओं में हुआ अपराध दर्ज।
हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध के प्रति अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसीसीयू (क्राइम यूनिट) एवं थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर में कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गई है। विभिन्न तीन घटनाओं में संलिप्त कुल 12 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया गया है।

घटना – 01 (मौदहापारा बस्ती में चाकूबाजी एवं जानलेवा हमला)
दिनांक 16.03.2026 को थाना मौदहापारा क्षेत्र अंतर्गत तालाब पार बीटीएस चौक के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों द्वारा प्रार्थी एवं उसके साथी के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद किया गया, जो शीघ्र ही मारपीट में बदल गया। इस दौरान आरोपियों द्वारा चाकू से जानलेवा हमला किया गया एवं जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में दो व्यक्तियों को चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई एवं
रवि रक्सेल (19 वर्ष), हर्ष कोसले (19 वर्ष), अभय रक्सेल (19 वर्ष) एवं लोकेश रक्सेल (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कई धारदार हथियार जब्त किए गए।

घटना – 02 (पत्थरबाजी एवं बलवा – मरही माता मंदिर क्षेत्र)
दिनांक 16.03.2026 को पहली घटना के बाद मरही माता मंदिर के पास कुछ व्यक्तियों द्वारा समूह बनाकर गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी की गई, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित हुई एवं आमजन में भय का वातावरण उत्पन्न हुआ। घटना में प्रार्थी पक्ष को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा त्वरित हस्तक्षेप करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में
आमिर अहमद (26 वर्ष), मोह. अनस खान (32 वर्ष), मोह. मुशीर खान (29 वर्ष), अब्दुल समीर (29 वर्ष), मोह. फाजिल (29 वर्ष) एवं शेख सिकंदर (29 वर्ष) शामिल हैं। सभी के विरुद्ध गैर जमानतीय संगीन धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है।
घटना – 03 (सड़क पर सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराना एवं आमजन को भयभीत करना)
दिनांक 16.03.2026 को घटना क्रमांक दो की प्रतिक्रिया में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि डेंटल कॉलेज चौक के पास कुछ युवक हाथ में धारदार हथियार (तलवार) लेकर आम नागरिकों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची एवं घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया।
इस प्रकरण में तीन आरोपी…
लोकेश रक्सेल (26 वर्ष), मयंक सोनी (19 वर्ष) एवं पिंटू ठाकुर (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।

बरामदगी
तीनों घटनाओं में आरोपियों के कब्जे से दर्जन भर चाकू, तलवार सहित अन्य धारदार हथियार जब्त किए गए हैं। समस्त आरोपियों के विरुद्ध गैर जमानतीय धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट आमजन की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, पत्थरबाजी, चाकूबाजी एवं सार्वजनिक स्थलों पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का वातावरण निर्मित करने वालों के विरुद्ध सख्त, त्वरित एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शहर में शांति एवं कानून का राज कायम रहे।



