March 7, 2026

Office Address

123/A, Miranda City Likaoli
Prikano, Dope

Phone Number

+0989 7876 9865 9

+(090) 8765 86543 85

Email Address

info@example.com

example.mail@hum.com

City

कलेक्टर ने पीएम स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण…

कलेक्टर ने पीएम स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश माध्यम स्कूल का किया निरीक्षण…

हरियर एक्सप्रेस, जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास ने कुनकुरी विकासखंड के सालियाटोली स्थित पीएम स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट इंग्लिश माध्यम स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर व्यास ने विद्यालय में पेयजल की पर्याप्त और सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी का मौसम निकट है, ऐसे में स्कूल परिसर के विभिन्न स्थानों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। वाटर कूलिंग मशीन स्थापित करने के साथ-साथ टेप वाटर की ऊँचाई इस प्रकार निर्धारित की जाए कि हर आयु वर्ग के बच्चे आसानी से पानी पी सकें। इसके साथ ही उन्होंने हैंडवॉश की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कक्षाओं, कैंपस तथा नालियों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। स्वच्छ वातावरण से न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि विद्यालय में सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल का भी निर्माण होता है।

उन्होंने जल संरक्षण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए ग्राउंड वाटर रिचार्ज के लिए सोकपिट निर्माण तथा वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली विकसित करने को कहा। इसके अतिरिक्त विद्यालय भवन की दीवारों के रंग-रोगन तथा सौंदर्याकरण के भी निर्देश दिए। कलेक्टर व्यास ने बाउंड्री वॉल पर प्रेरणादायक महापुरुषों, वैज्ञानिकों और भारत रत्न से सम्मानित अन्य महापुरुषों के चित्र अंकित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे चित्र विद्यार्थियों को प्रेरित करेंगे और उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होंगे। इसके साथ ही कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में रखे अनावश्यक सामानों के निस्तारण, पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कमजोर विद्युत वायरिंग को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय में कक्षा पहली से बारहवीं तक संचालित है, जिसमें लगभग 1200 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस अवसर पर एसडीएम नंद जी पाण्डे, तहसीलदार प्रमोद कुमार पटेल, जिला मिशन समन्वयक नरेंद्र सिन्हा, स्कूल ने प्राचार्य जय गोपाल सिंह सहित स्कूल के शिक्षक गण और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

एक्सपोजर विजिट से बच्चों का होता है समग्र व्यक्तित्व विकास : कलेक्टर

कलेक्टर रोहित व्यास ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों को बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल शिक्षा के साथ ही उनके भीतर व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता का विकास किया जाना आवश्यक है। कलेक्टर ने वोकेशनल ट्रेनिंग के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए नियमित एक्सपोजर विजिट आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चों को अस्पताल, शासकीय कार्यालय, न्यायालय, औद्योगिक प्रतिष्ठान, विनिर्माण इकाइयों तथा पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे इन संस्थानों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं की जानकारी मिलेगी, उनके भीतर जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित होगी तथा वे भविष्य के प्रति अधिक जागरूक और लक्ष्य के प्रति प्रेरित बनेंगे। साथ ही व्यवहारिक अनुभव से उनकी समझ गहरी होगी और वे जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करने के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकेंगे।

कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि विद्यालय को एक आदर्श मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में सभी मूलभूत एवं शैक्षणिक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अपने उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त हो सके। कलेक्टर व्यास ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि 3-4 शिक्षकों की अलग-अलग समितियां गठित कर विद्यालय की संपूर्ण व्यवस्था को

सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अकादमिक समिति, एक्स्ट्रा करिकुलम समिति, स्वच्छता समिति, मिड-डे मील समिति, खेल समिति तथा इंफ्रास्ट्रक्चर समिति सहित अन्य आवश्यक समितियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समिति अपने-अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेगी तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे दूर करने की जिम्मेदारी निभाएगी। साथ ही, सभी समितियां एक रजिस्टर संधारित कर उसमें अपने महत्वपूर्ण सुझाव और निरीक्षण टिप्पणियां दर्ज करेंगी, जिन पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक अमल सुनिश्चित किया जाएगा।

Share
Avatar
About Author

hariyarexpressnews