हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। राजधानी के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में 38 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन सोनी और तनवीर मोहम्मद के रूप में हुई है।
घटना 16 फरवरी की दोपहर की है। मंदिर हसौद निवासी भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में पदस्थ अधिकारी ज्ञानप्रकाश पांडेय रजिस्ट्री कराने कलेक्ट्रेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार में 38 लाख रुपये नगद से भरा बैग रखा था। रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर जब वे वापस लौटे तो कार से नगदी भरा बैग गायब मिला।



