महात्मा गांधी नगर में 301 दीपों से जगमगाया पवित्र जैतखाम, दिसम्बर माह के प्रथम दिवस से हुआ गुरु पर्व का शुभारंभ…

हरियर एक्सप्रेस, रायपुर। दिसम्बर माह के लगते ही सतनामी समाज के लोग अपने सबसे बड़े त्यौहार गुरु घासीदास जयंती की तैयारियां प्रारंभ कर दिए है। इस वर्ष गुरुजी की 269 वी जयंती है, जिसे 18 दिसम्बर को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। इसके पूर्व राजधानी में 16 दिसम्बर को आमापारा से आकर्षक झांकियां के साथ भव्य शोभायात्रा निकलेगी।

इसी कड़ी में 01 दिसम्बर (सोमवार) को सतनामी समाज महात्मा गांधी नगर रायपुर स्वेतखाम के साथ, राजेंद्र नगर, पुरेना, तेलीबांधा, खम्हारडीह,कोटा , देवपुरी, संतोषी नगर, काशीराम नगर, कलिंगनगर आदि क्षेत्रों में स्थित पवित्र जैतखाम में मंगल आरती “पहली आरती जगमग ज्योति, हीरा पदारथ बरसे ला मोती” की सामूहिक स्तुति करते हुए 269 वी जयंती के परिप्रेक्ष्य में 301 दीप प्रज्ज्वलित कर गुरुपर्व शुभारंभ दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात वहां उपस्थित समाजजनों ने भी “जय-जय सतनाम” की जयघोष करते हुए एक-एक दीप जलाकर पुरे जैतखाम परिसर को रोशनी से जगमग कर दिया साथ ही भव्य आतिशबाजी कर गुरु प्रसादी की गई।

इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि समाज के लोग नशापन व मांसाहार का त्याग कर सात्विक रूप से प्रतिदिन गुरुगद्दी व पवित्र जैतखाम की विशेष पूजा अर्चना कर प्रभात फेरी, मंगल भजन व पंथी के माध्यम से गुरुजी की अमृतवाणियों को जन-जन तक पहुंचाए।

दीप प्रज्वलन के अवसर पर युवा प्रदेश अध्यक्ष कमल कुर्रे, सतनाम सेवा समिति अध्यक्ष लक्ष्मी दास कुर्रे, मोनी कठोट्रे, प्रवीण सोनवानी, दीपक कोसरिया, कुलदीप सोनवानी, संदीप बघेल, चूमन कोठारी, गणेश सोनवानी, प्रदीप कुर्रे, सूरज ग्रीतलहरे, रेशम टंडन, तनुज कुर्रे, संजय सहित बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग शामिल हुए।



