
हरियर एक्सप्रेस,मनेन्द्रगढ़। प्रार्थी अंकित मिश्रा, निवासी आमाखेरवा रोड, मनेन्द्रगढ़, जिला-मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत की गई थी कि उसे लोक निर्माण विभाग मनेन्द्रगढ़ के द्वारा मनेन्द्रगढ़ व्यवहार न्यायालय में बार रूम विस्तारीकरण की निविदा प्राप्त हुआ था, जिसके लिये उन्हें वर्क ऑर्डर भी जारी किया गया था। उक्त निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् बिलों के भुगतान के लिये उसके द्वारा निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराने हेतु लोक निर्माण विभाग मनेन्द्रगढ़ में पदस्थ सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे से मुलाकात कर निवेदन करने पर 25,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन के दौरान मोलभाव कर 21,000 रूपये लेने आरोपी सहमत हुआ। आज दिनांक 30.10.2025 को टेप आयोजित कर आरोपी सब इंजीनियर सी.पी. बंजारे को प्रार्थी से 21,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।



